IGRS शिकायत में लापरवाही पर DM सख्त, BDO लार को नोटिस
आईजीआरएस शिकायत में लापरवाही पर DM सख्त, BDO लार को कारण बताओ नोटिस
देवरिया। जनसुनवाई (IGRS) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतना अब अधिकारियों के लिए भारी पड़ सकता है। लार ब्लॉक के बरडीहा परशुराम गांव में चकरोड के संकरा किए जाने से जुड़ी शिकायत के मामले में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सख्त रुख अपनाया है।
मामले में आरोप है कि शिकायत के निस्तारण के दौरान मौके पर वास्तविक पैमाइश कराने के बजाय प्रकरण को एसडीएम स्तर पर भेजकर कार्रवाई पूरी कर दी गई। शिकायत की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने इसे गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मानकों के विपरीत माना।
डीएम ने BDO लार को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर चकरोड की पैमाइश कराने, आवश्यक कार्रवाई कर उसे बनवाने तथा मौके की वास्तविक स्थिति के आधार पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि IGRS शिकायतों में केवल औपचारिक या तथ्यहीन रिपोर्ट लगाकर निस्तारण दिखाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में इस तरह की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
प्रशासन के इस रुख से साफ है कि जनसुनवाई पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में अब महज कागजी कार्रवाई के बजाय मौके पर वास्तविक समाधान पर जोर दिया जा रहा है।
जन जन की आवाज न्यूज़,24 देवरिया अखिलेश दुबे




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें